राहुल ने सावरकर का अपमान किया है, दंड दिया जाना चाहिए: सीएम एकनाथ शिंदे

admin
admin
3 Min Read

मुंबई । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विनायक दामोदर सावरकर का अपमान किया है और उन्हें दंड दिया जाना चाहिए। शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी को जिस कानून के तहत संसद सदस्य के तौर पर अयोग्य करार दिया गया है, उसे यूपीए सरकार ने बनाया था और मोदी सरकार ने उसे महज लागू किया है। राहुल गांधी दोषी करार दिए गए और लोकसभा सदस्य के तौर पर अयोग्य हो गए, लेकिन वह लगातार विनायक दामोदर सावरकर का यह कहकर अपमान कर रहे हैं कि वह सावरकर नहीं हैं, जो माफी मांगें। वह खुद को क्या समझते हैं? उन्हें दंडित किया जाना चाहिए। शिंदे ने विधानसभा में कहा कि सावरकर देशभक्त हैं। क्यों देशभक्त का अपमान? महाराष्ट्र सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। लोग उन्हें महाराष्ट्र की सड़कों पर चलने नहीं देंगे।

Ro No. 12242/26
Ad imageAd image


ठाणे कांग्रेस ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता जाने पर जताया विरोध
वहीं राहुल गांधी को संसद सदस्य के रूप में निलंबित किए जाने के विरोध में ठाणे कांग्रेस ने सड़क पर उतर विरोध जताया। शहर अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण के नेतृत्व में प्रदेश सचिव व ठाणे प्रभारी संतोष केने की मौजूदगी में तमाम कांग्रेसी जिलाधिकारी कार्यालय स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के पास जमा हुए और नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस अवसर पर चव्हाण ने चेतावनी दी कि मोदी सरकार का सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को खत्म करने की कोशिश का विरोध जारी रहेगा। इस दौरान युवक कांग्रेस के लोगो ने संविधान की शव यात्रा निकाली और जवाहर बाघ श्मशान भूमि में उसका अंतिम संस्कार किया।
यह देश बदले की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा: डॉ. जितेंद्र आव्हाड
एनसीपी विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र आव्हाड राहुल के समर्थन में आए हैं। आव्हाड की तरफ से शहर के विभिन्न स्थानों पर राहुल के होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें भारत जोड़ो यात्रा की तस्वीरें शामिल की गई हैं और लिखा है कि यह देश बदले की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा। राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने और संसद की सदस्यता रद्द किए जाने से नाराज भिवंडी युवक कांग्रेस ने आंदोलन किया। इसके तहत लोकतंत्र को सांकेतिक स्ट्रेचर पर लिटाया गया। भिवंडी युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राहुल पाटील एवं प्रदेश सचिव नीलेश ज़ेडगे के नेतृत्व में नारपोली इलाके में प्रदर्शन किया गया।

Ro No. 12242/26
Ad imageAd image
Share this Article